home page

पीएम आवास की किस्त के बदले रिश्वत लेते नगर निगम का संविदा कर्मी गिरफ्तार

 | 
पीएम आवास की किस्त के बदले रिश्वत लेते नगर निगम का संविदा कर्मी गिरफ्तार


जयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए मिलने वाली किश्त के बदले रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा ने नगर निगम के एक संविदाकर्मी को 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा संविदा कर्मी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार को शिकायत दी थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली 50 हजार रुपये की पहली किस्त में से नगर निगम कोटा के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा रिश्वत मांग रहे हैं। रिश्वत नहीं देने पर आगामी किस्तें स्वीकृत नहीं होने देने की धमकी देने का भी आरोप था। शिकायत के बाद 1 अक्टूबर को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया। इसमें अखिलेश मीणा द्वारा 10 हजार रुपये और नरेश वर्मा द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत मांगना पाया गया।

इसके बाद एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के निर्देशन में ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपित संविदाकर्मी अखिलेश मीणा को नगर निगम कोटा के बाहर परिवादी से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं नरेश वर्मा कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। जिसकी एसीबी की टीम तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश