home page

विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर पंचायत समिति में कार्रवाई करते हुए विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सफाई कार्यों के ठेकों और पाइपलाइन कार्य के बिलों की माप पुस्तिका (एमबी) भरने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।

एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म मैसर्स अमनदीप को ग्राम पंचायत मातौर और नगंली ओजा में सफाई के ठेके मिले थे। इसके अलावा फर्म ने पाइपलाइन का कार्य भी किया था। इन कार्यों के बिलों की माप पुस्तिका भरवाने के बदले विकास अधिकारी संजय कुमार यादव 65 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे।

एसीबी ने 23 अक्टूबर को शिकायत में रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन कराया। इसमें विकास अधिकारी के रिश्वत राशि लेने के लिए सहमत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में एसीबी चौकी भिवाड़ी के प्रभारी एवं ट्रैप अधिकारी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश