home page

पवई में अवैध डीजल कारोबार का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 15 नवंबर (हि.स.)। मुंबई के पवई इलाके में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर उसकी बिक्री करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पवई पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 4,500 लीटर डीजल, तीन वाहन और अन्य सामान समेत कुल 49.62 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे पवई पुलिस को सूचना मिली थी कि हिरानंदानी, पवई स्थित कोपरी गांव के सर्वे नंबर 7/5 में वाहन पार्किंग के लिए आरक्षित जगह पर अवैध रूप से डीजल का भंडारण किया जा रहा है। यहां से बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के डीजल की बिक्री किए जाने की भी जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर कार्रवाई की।

इस मामले में पुलिस ने अफरोज अब्दुल बारी खान (30), मोहम्मद मोइन नसीम खान (43) और सैबाज इलियास खान (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4,500 लीटर डीजल, 15 भरे हुए लोहे के ड्रम, 15 खाली लोहे के ड्रम, एक महिंद्रा पिकअप टैंकर, एक महिंद्रा पिकअप वाहन, एक टाटा इंट्रा पिकअप वाहन और एक इलेक्ट्रिक पंप बरामद किया गया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 49 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी डीजल कहां से लाते थे और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जाती थी। जब्त डीजल चोरी का है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस को इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका है और आगे की जांच जारी है।

पवई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति तथा वितरण विनियमन और अनियमितताओं की रोकथाम) आदेश, 2005 के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई को मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक गणेश पाटील कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANCHAL TIWARI