home page

इंदौर: 48 घंटे में खुली 2.5 करोड़ की चोरी की गुत्थी, शोरूम के सफाईकर्मी ने ही दिया वारदात को अंजाम

 | 
इंदौर: 48 घंटे में खुली 2.5 करोड़ की चोरी की गुत्थी, शोरूम के सफाईकर्मी ने ही दिया वारदात को अंजाम


हीरे जड़ा मुकुट, सोने का छत्र, आईफोन और चांदी के सिक्के बरामद

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के एक कार शोरूम में हुई करीब ढाई करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का इंदौर पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने शोरूम में कार्यरत 19 वर्षीय सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, चांदी के सिक्के, आईफोन और मोटरसाइकिल सहित लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने शोरूम प्रबंधन के भरोसे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाहत में उसने चोरी की योजना बनाई थी।

डीसीपी अमन सिंह राठौर ने शनिवार काे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 जून को लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित पटेल मोटर्स मारुति शोरूम के ऑपरेशन मैनेजर सुरेंद्र चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि शोरूम के केबिन में रखा एप्पल आईफोन, मंदिर का सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट और 12 चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चोरी गई सामग्री की कीमत करोड़ों रुपये होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान शोरूम में पिछले करीब एक वर्ष से कार्यरत कर्मचारी लक्की बोरासी (19), निवासी बड़ी ग्वालटोली, संदेह के दायरे में आया। पुलिस हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।

शोरूम की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी

पुलिस के मुताबिक आरोपी शोरूम में साफ-सफाई का काम करता था और उसे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, लॉकर की स्थिति तथा चाबियां कहां रखी जाती हैं, इसकी पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने पहले आईफोन चोरी किया और बाद में मौका देखकर मालिक के केबिन में रखे लॉकर से मंदिर का सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट और अन्य कीमती सामान निकाल लिया।

ननिहाल में छिपाया करोड़ों का माल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने सोने का छत्र और मुकुट महू के कोदरिया स्थित अपने ननिहाल के एक घर में छिपा दिया था। वहीं आईफोन और चांदी के सिक्के अपने पास रख लिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छिपाया गया पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद सामान में लगभग 1 किलो 426 ग्राम वजनी सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, 12 चांदी के सिक्के, एप्पल आईफोन और एक मोटरसाइकिल शामिल है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने सोने के छत्र का कुछ हिस्सा तोड़कर बेच दिया था। पुलिस उस हिस्से की बरामदगी और खरीददारों की पहचान के लिए भी कार्रवाई कर रही है।

कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस रिमांड पर लेकर उससे अन्य संभावित अपराधों और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका के संबंध में पूछताछ की जा रही है। डीसीपी राठौर ने बताया कि यदि जांच में परिवार या अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

महज 48 घंटे में करोड़ों रुपये की चोरी का खुलासा कर पूरी संपत्ति बरामद करना इंदौर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार मॉनिटरिंग और वैज्ञानिक जांच पद्धति के कारण पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे