नोटों की बारिश और गड़ा धन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
मंदसौर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की अफजलपुर थाना पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को गड़ा धन दिलाने, नोटों की बारिश कराने और धन दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, दो मोटरसाइकिल, तांत्रिक अनुष्ठानों में प्रयुक्त सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शनिवार को थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि रतलाम जिले के चिकलाना निवासी गोपाल धाकड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में उसकी पहचान पृथ्वीराज के माध्यम से कमलेश और अन्य लोगों से हुई। आरोपितों ने स्वयं को तांत्रिक बताकर पूजा-पाठ के जरिए गड़ा हुआ खजाना निकलवाने और नोटों की बारिश कराने का दावा किया। इसी बहाने अलग-अलग चरणों में उससे लाखों रुपये ले लिए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने कुएं और जंगल में कई बार कथित तांत्रिक अनुष्ठान किए। इस दौरान दुर्घटना और मौत का नाटक रचा गया, जमीन से अंबे माता की मूर्ति निकलने का दावा किया गया और 51 दिन तक विशेष पूजा करने पर गड़ा धन मिलने का विश्वास दिलाया गया। फरियादी को भूत-प्रेत का भय दिखाकर वहां से दूर भी किया गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने एक मौके पर पूजा के बाद नोटों की पोटली देकर उसे घर ले जाने को कहा। घर पहुंचकर पोटली खोलने पर उसमें केवल 20-20 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं, जिसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने केवल एक लाख रुपये लौटाए और उससे एक शपथ पत्र भी लिखवा लिया, जबकि बाकी रकम वापस नहीं की।
शिकायत के आधार पर अफजलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि खुद को गोपाल बताने वाले कथित तांत्रिक का वास्तविक नाम नबीनुर है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पृथ्वीराज, कमलेश, नबीनुर और अफसर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से 51 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, तांत्रिक अनुष्ठानों में प्रयुक्त सामग्री, विशेष वेशभूषा, मालाएं तथा जमीन से निकाली गई बताई गई अंबे माता की मूर्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में कंवरलाल सहित अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने इसी तरह की वारदातों को और किन-किन स्थानों पर अंजाम दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

