(अपडेट) मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बाइक फिसलने से दो दोस्तों की मौत
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों युवक फ्लाईओवर की साइड वॉल से जा टकराए। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जांच में मृतकों की पहचान सैफ अली (20) और मोहम्मद शाहिद (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक बवाना से बुराड़ी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मुकुंदपुर फ्लाईओवर के लूप स्थित तीखे मोड़ पर पहुंचे, बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन फिसल गया। इसके बाद दोनों युवक फ्लाईओवर की साइड वॉल से टकरा गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे और एक युवक फ्लाईओवर के नीचे नाले में गिर गया है। सूचना पर पुलिस और बचाव दल ने नाले में देर रात तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
पुलिस अधिकारी के अनुसार बाद में जांच में स्पष्ट हुआ कि तीसरा युवक समीर हादसे के समय बाइक पर मौजूद ही नहीं था। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि रविवार शाम सैफ, शाहिद और समीर एक ही बाइक पर बवाना से निकले थे। शाम करीब 7:30 बजे समीर बवाना इलाके में ही बाइक से उतर गया था। इसके बाद सैफ और शाहिद अकेले बुराड़ी के लिए रवाना हुए थे। पुलिस ने सोमवार को बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त बाइक की रफ्तार काफी तेज थी।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद शाहिद परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार वह बुराड़ी में अपनी मौसी शब्बू के पास रहता था। उसकी मां रूबी को आशंका थी कि बवाना में रहने पर वह गलत संगत में पड़ सकता है, इसलिए उसे मौसी के पास भेजा गया था। शाहिद मोटर मैकेनिक का काम सीख रहा था। वहीं सैफ अली संगम विहार निवासी था। उसके पिता इदरीश का कारोबार है और सैफ भी उनके साथ कारोबार संभालने की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि दो साल पहले पिता ने जन्मदिन पर उसे बाइक उपहार में दी थी।
दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

