मलिकपुर में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, नाबालिग आरोपिच पकड़ा गया
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात मलिकपुर स्थित कूड़ा खत्ता इलाके के पास हुई, जहां स्कूटी से जा रहे युवक पर पीछे से हमला कर कई बार चाकू मारा गया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में नाबालिग आरोपित को पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:40 बजे मुखर्जी नगर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि घायल युवक को पहले ही पीसीआर वैन से अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
जांच में मृतक की पहचान संगम पार्क स्थित धोबीघाट निवासी अमन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, अमन अपने एक साथी के साथ स्कूटी से वजीराबाद स्थित संगम विहार की ओर काम पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक नाबालिग ने पीछे से उस पर हमला कर दिया और कई बार चाकू से वार कर मौके से फरार हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन की हालत गंभीर बताई, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद क्राइम टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर जब्त कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम भी करा लिया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि मृतक अमन उसकी रिश्तेदार बहन पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां करता था, जिससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

