नब्बे लाख की चोरी के मामले में आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिले के मुखर्जी नगर इलाके में हुई करीब 90 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए 22 वर्षीय आरोपित सनी सरकार को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे का आदी है और आदतन अपराधी है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोने-हीरे के आभूषण सहित पूरी चोरी की संपत्ति बरामद कर ली है।
उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त अकांक्षा यादव ने शुक्रवार काे बताया कि 17 मार्च 2026 को डॉ. मलिक वाली गली, रामलीला ग्राउंड के पास स्थित एक मकान में ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि घर से करीब 40 तोला सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। इस संबंध में मुखर्जी नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ राजीव शाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि घटनास्थल पर कोई कैमरा नहीं था, लेकिन आसपास के कैमरों से संदिग्ध की धुंधली तस्वीर मिली।
जांच में पता चला कि आरोपित पैदल घटनास्थल से बत्रा बांध तक गया, फिर ई-रिक्शा लेकर कोरोनेशन पार्क तक पहुंचा और वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस उपायुक्त के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित सनी सरकार को दबोच लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसके घर से करीब 90 लाख रुपये की अभूषण बरामद की गई, जिसमें सोने-हीरे का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, मांग टीका, चांदी के सिक्के व अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपित नशे का आदी है और पहले भी छोटी-मोटी चोरी करता रहा है, लेकिन कभी पकड़ा नहीं गया। इस बार उसने आसान मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। घर का गेट धक्का देने पर खुल गया और अंदर अलमारी की चाबी मिलने पर उसने सारा कीमती सामान चुरा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

