मप्र के मुरैना में दिनदहाड़े फायरिंग, कोचिंग जा रहे दो छात्रों पर बरसाई ताबड़तोड़ 6 गोलियां, हालत गंभीर
मुरैना, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गर्ल्स स्कूल रोड पर मंगलवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी से कोचिंग जा रहे दो छात्रों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में दोनों छात्रों को कुल 6 गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान गोपालपुरा निवासी राहुल सिकरवार (22) और पुराना चुंगी नाका निवासी निखिल तिवारी (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मंगलवार सुबह करीब 9:40 बजे एक ही स्कूटी से कोचिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान गर्ल्स स्कूल रोड पर बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में राहुल और निखिल के पीठ और पैरों में तीन-तीन गोलियां लगीं। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली थाना के एसआई पवन भदौरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में घायलों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों में कुछ विरोधाभास सामने आए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

