एमपी के युवक से जोधपुर में बंधक बनाकर मारपीट
वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर बुलाया, खाते में डेढ़ लाख का ट्रांजेक्शन करवाया, तीन आरोपित डिटेन
जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। शहर में एमपी के युवक को इंस्टाग्राम पर नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया। इसके बाद होटल में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपिताें ने धमकाकर करीब 1.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। भगत की कोठी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी रवि शिवहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उसका अप्रैल में एक्सीडेंट हुआ था। जिसकी वजह से रीढ़ की हड्डी में प्रॉब्लम हो गई थी। उसके चलते वो घर पर ही रेस्ट कर रहा था। एक दिन उसने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम का एक एड देखा। युवक ने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया। बात होने पर युवक को जोधपुर बुला लिया गया। आरोपिताें ने व्हाट्सएप नंबरों से कॉल किया। उसके नंबर विदेशी थे। पीड़ित ने संदेह होने पर पूछा तो आरोपियों ने कनाडा बेस कंपनी बताकर टाल दिया। पीड़ित अपने चचेरे भाई के साथ 19 नवंबर को खजुराहो से ट्रेन पकडक़र जयपुर आया। जयपुर से आरोपिताें ने बस से टिकट करवाया। पीड़ित अपने चचेरे भाई के साथ 20 नवंबर की रात करीब 8 बजे जोधपुर पहुंचा। वहां विक्रम विश्नोई मिला और दोनों को भगत की कोठी स्थित कल्याण गेस्ट हाउस में कमरा दिलाकर आराम करने को कहा। पीड़ित के मुताबिक कुछ देर बाद विक्रम ने व्हाट्सएप कॉल कर दोनों को गेस्ट हाउस के पास स्थित एक कैफे में बुलाया। वहां विक्रम के साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। आरोपिताें ने कथित तौर पर कहा कि कंपनी में कोई काम नहीं है, उनके खाते में पैसे डाले जाएंगे जिन्हें कैश निकालकर देना होगा। जब पीड़ित ने इससे इनकार किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर धमकाते हुए उसका मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड छीन लिया। आरोप है कि फोन पे व अन्य ऐप डाउनलोड करवाकर एटीएम के जरिए करीब 1.50 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया गया। इसके बाद पीड़ित ने हल्ला किया तो आरोपित भाग गए। एक आरोपित को उन्होंने पकड़ दिया। इस दौरान आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तीन लडक़ों को डिटेन किया है। पुलिस के मुताबिक यह सभी नर्सिंग की पढ़ाई करते हैं। फिलहाल इन सभी की मोबाइल हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

