home page

मप्र: 58.50 लाख रुपये की 11.700 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक महिला गिरफ्तार

 | 
मप्र: 58.50 लाख रुपये की 11.700 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक महिला गिरफ्तार


भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नीमच सिटी पुलिस ने एक महिला आरोपी को 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 58 लाख 50 हजार रुपये है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि थाना नीमच सिटी पुलिस टीम ने 05 सितंबर को अपराध विवेचना के दौरान आमरोड-दरक वेयर हाउस के सामने गिरदौड़ा क्षेत्र में संदेह के आधार पर एक महिला को पकड़ा। महिला के पास रखे सामान की तलाशी लेने पर उसमें कुल 11 किलो 700 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम प्राप्त हुआ, जिसे विधिवत जब्त किया।

प्रकरण में थाना नीमच सिटी पर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में अवैध अफीम उपलब्ध कराने वाले को एनडीपीएस एक्ट के तहत सहआरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर