शिवपुरी में दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव मिलने से फैली दहशत, सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
शिवपुरी, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम डेहरवाड़ा में शनिवार सुबह दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। एक ही परिवार की दो किशोरियों की एक साथ हुई मौत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसा, आत्महत्या और आपराधिक घटना सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकाओं की पहचान पूनम धाकड़ (16), पुत्री राजेंद्र धाकड़ तथा कीर्ति धाकड़ (16), पुत्री सुघर सिंह धाकड़, निवासी ग्राम निवारी-डेहरवाड़ा, थाना तेंदुआ के रूप में हुई है। दोनों चचेरी बहनें गुरुवार रात से लापता थीं। गांव के सरपंच द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव बरामद किए।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों किशोरियां घटनास्थल तक कैसे पहुंचीं, अंतिम बार उनकी किससे बातचीत हुई और घटना से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं।
परिजनों का कहना है कि एक किशोरी के पर्स से एक मोबाइल नंबर मिला है। उनका दावा है कि इसी आधार पर पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के एक युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही किसी की संलिप्तता की पुष्टि की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

