सीहोरः एसपी बंगले के पास युवक की चाकू से गोदकर हत्या, पांच लोगों पर आरोप
सीहोर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर में बुधवार शाम एसपी बंगले के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पांच लोगों ने उसे घेरकर पहले मारपीट की और फिर पीठ में चाकू घोंप दिया। जान बचाने के लिए युवक सड़क पर इधर-उधर भागता रहा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उस पर वार किए। गंभीर रूप से घायल लईक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान लईक कुरैशी (45) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। इससे वहां तनाव की स्थिति बन गई। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण और अतिक्रमण को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
लईक के बेटे ने पांच लोगों भैया, अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, आरोपियों ने पिता को घेर लिया था। दो लोगों ने उनके हाथ पकड़ रखे थे, जबकि अन्य मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान एक आरोपी ने उनकी पीठ में चाकू मार दिया। हमले के बाद लईक जान बचाने के लिए भागता रहा।
लईक के पिता ने बताया कि पड़ोस में किसी व्यक्ति ने गेट निकाल लिया था। इसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। लईक बीच-बचाव करने पहुंचा तो कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। परिजन का कहना है कि मामूली विवाद को आरोपियों ने हिंसक रूप दे दिया।
लईक के बड़े अब्बा के मुताबिक, वे करीब 25 साल से उसकी देखभाल कर रहे थे। मकान के अतिक्रमण को लेकर उनका भी विवाद हुआ था। परिजन ने घटना को पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए आरोपियों पर पहले भी मारपीट और शराब पीकर हंगामा करने के आरोप लगाए हैं।
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मंडी पुलिस को माता मंदिर के पास लईक कुरैशी (45) के तीन-चार लोगों से विवाद होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर छुरी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। सीएसपी के अनुसार, परिजन से बातचीत में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद होने की जानकारी मिली है। बुधवार को इसी बात को लेकर फिर कहासुनी और झगड़ा हुआ, जो हमले में बदल गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

