home page

सागरः नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी की वारदात कराने वाले गिरोह का खुलासा

 | 
सागरः नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी की वारदात कराने वाले गिरोह का खुलासा


- 250 ग्राम सोने के आभूषण एवं वाहन सहित लगभग 54.37 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

भोपाल, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की थाना बीना पुलिस ने नाबालिग को ब्लैकमेल एवं जान से मारने की धमकी देकर चोरी की वारदात कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक एवं घरेलू सामान सहित लगभग 54 लाख 37 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस द्वारा की गई।

बताया गया कि फरियादी ने थाना बीना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका परिवार नए मकान में निवास कर रहा था। उसके पुराने पैतृक मकान में नगद राशि, सोने के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा गया था। दिनांक 17 जून को पुराने मकान में रखे सामान की जांच करने पर नगद राशि एवं कीमती सामान गायब मिला। फरियादी की रिपोर्ट पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ की। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण सहित विभिन्न पहलुओं पर लगातार जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी द्वारा फरियादी के परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल किया जाता था तथा उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता था। इसी दबाव के माध्यम से नाबालिग से चोरी की वारदात कराई गई।

पुलिस ने साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फरियादी परिवार से लगभग 13 लाख रुपये नगद एवं करीब 40 तोला सोने के आभूषण प्राप्त करने की जानकारी दी। आरोपी द्वारा नगद राशि का उपयोग विभिन्न वस्तुओं एवं वाहनों की खरीदारी तथा अन्य खर्चों में किया गया। साथ ही सोने के आभूषण अपने मामा को दिए जाना स्वीकार किया। थाना बीना पुलिस ने आरोपी के मामा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का हार, चैन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े एवं मंगलसूत्र सहित लगभग 38 लाख के आभूषण जब्त किए है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई हुंडई कार, मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन सहित मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट एवं अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। आरोपियों के सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चोरी की शेष राशि एवं संपत्ति के संबंध में भी जांच एवं कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर