राजगढ़ः शादी का झांसा देकर 1.50 लाख ठगे, शिवपुरी से 9 आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेड के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर 1.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 9 आरोपितों को हिरासत में लिया।
थानाप्रभारी मंजू मखेनिया ने शुक्रवार को बताया कि जीरापुर के बिरजा मोहल्ला निवासी ग्यासी (42)पुत्र नग्गा जी मेवाड़े अपने बेटे पवन की शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे। उनके जीजा भगवान सिंह मेवाड़े निवासी सवासरा के माध्यम से शिवपुरी के मामा नामक व्यक्ति से संपर्क हुआ। उसने शादी के लिए लड़की उपलब्ध कराने का भरोसा देकर परिवार को शिवपुरी बुलाया। वहां सोनालिका सिंह नाम की लड़की से मुलाकात कराई गई। आरोपितों ने शादी कराने के बदले लड़की के लिए करीब 2 लाख रुपये के गहने बनवाने की बात कही थी। कोर्ट बंद बताकर मंदिर में कराई शादी 26 अक्टूबर को आरोपित लड़की को लेकर राजगढ़ पहुंचे। कोर्ट बंद होने का हवाला देकर जालपा माता मंदिर परिसर में वर-वधू को माला पहनाकर शादी करा दी। समय की कमी बताकर परिवार ने गहने बनवाने के बजाय 1.50 लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद लड़की को परिवार की गाड़ी में बैठाया गया और अरुण नाम के युवक को उसका भाई बताकर साथ भेज दिया। परिवार लड़की को लेकर जीरापुर जा रहा था। इसी दौरान नायरा पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिलों से पीछा कर रहे आरोपितों ने गाड़ी रुकवा ली और लड़की व अरुण को अपने साथ ले जाने लगे। खिलचीपुर नाका क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले जाकर पूछताछ की। फर्जी आधार कार्ड से छिपाई पहचान फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि गिरोह ने लड़की की वास्तविक पहचान छिपाकर उसे सोनालिका सिंह के नाम से पेश किया था। मुस्लिम महिला की पहचान बदलकर हिंदू महिला के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से शिवपुरी में दबिश देकर 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनमें इंजमाम पुत्र राजा खान, साहिल पुत्र शहजाद खान,सुनील पुत्र जसवंतसिंह,अरुण पुत्र हजारी परिहार, अफरोज पुत्र अफसर खान,सिमरन पत्नी अमजद खान,अमजद पुत्र षहजाद खान, सुनील पुत्र राजू जाटव और अरमान पुत्र नूरद्दीन खान सर्वनिवासी शिवपुरी शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

