home page

मप्र पुलिस का वाहन चोरों पर कड़ा शिकंजा, विगत एक सप्ताह में चोरी हुए 73 वाहन जब्त

 | 
मप्र पुलिस का वाहन चोरों पर कड़ा शिकंजा, विगत एक सप्ताह में चोरी हुए 73 वाहन जब्त


भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में वाहन चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस लगातार कार्यवाहियां कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में समन्वित रणनीति, तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र एवं फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुये पुलिस ने उल्लेखनीय सफलताएं प्राप्त की है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, विगत एक सप्ताह में पुलिस ने 55 मोटरसाइकिलें, 7 ट्रैक्टर, 3 ट्रॉली, 3 चार पहिया वाहन, 3 ई-रिक्शा, 1 ट्रक और 1 जेसीबी सहित 73 चोरी हुए वाहन बरामद किए है। साथ ही कई शातिर एवं अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बैतूल

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा वाहन चोरी के प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलताएं प्राप्त की गई हैं। कोतवाली पुलिस द्वारा शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 02 मुख्य आरोपियों एवं 01 विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 05 मोटरसाइकिलें एवं 05 स्कूटी सहित कुल 10 दोपहिया वाहन (कीमत लगभग 5 लाख 10 हजार रुपए) जब्त किए हैं।

एक अन्य कार्यवाही में भैंसदेही पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टर चोरी कर अन्य राज्यों में बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 04 ट्रैक्टर (कीमत लगभग 23 लाख रुपए) जप्त किए है। वहीं मुलताई पुलिस ने कार्यवाही कर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की है।

मुरैना

कोतवाली एवं जौरा थाना पुलिस ने ई रिक्शा चोरी के प्रकरण में अलग-अलग कार्रवाही करते हुए 3 ई-रिक्शा एवं 38 बैटरियां सहित लगभग 7 लाख रूपये की संपत्ति जब्त की है । वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 ट्रैक्टर एवं 2 ट्रॉली जप्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 20 लाख रूपये आंकी गई है।

सिंगरौली

जिले की चितरंगी पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपी एवं 2 विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। इनके कब्जे से मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 09 मोटरसाइकिलें कीमत लगभग 7 लाख 10 हजार रुपए की जब्त की गई हैं।

डिंडोरी

कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 प्रकरणों का खुलासा कर 5 मोटरसाइकिलें एवं सोने-चांदी के जेवर सहित लगभग 5 लाख 18 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।

ग्वालियर

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 चोरी की मोटरसाइकिलें, मास्टर चाबी एवं फर्जी नंबर प्लेट जप्त की गई। इसी प्रकार एक अन्य कार्यवाही में थाना डबरा सिटी पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी हुई 01 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है।

शिवपुरी

थाना करैरा पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर 4 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। वहीं थाना सिरसौद पुलिस ने ट्रॉली चोरी के मामले में 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रॉली जप्त की है।

विदिशा

सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा सक्रियता दिखाते हुए मोटरसाइकिलें चोरी के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 मोटरसाइकिलें एवं 1 स्कूटी सहित लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।

इसी प्रकार मंदसौर में 2 मोटरसाइकिलें, पांढुर्णा में 1 तुफान गाड़ी और 1 मोटरसाइकिल, उमरिया एवं इंदौर में 1-1 बोलेरो , सागर, भोपाल , दतिया एवं पन्ना में 1-1 मोटरसाइकिल, उज्जैन में 1 जेसीबी और सीहोर में 1 ट्रक जब्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत