मप्र पुलिस ने दो जिलों में हुई लूट और चोरी की घटनाओं को किया खुलासा, 16 आरोपी गिरफ्तार
- लगभग 87 लाख रुपये की सामग्री जब्त
भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने सोमवार को पांढुर्णा और पन्ना जिलों में लूट और चोरी के दो महत्वपूर्ण प्रकरणों का खुलासा किया है। दोनों जिलों में पुलिस ने कुल अंतरराज्यीय गिरोह के 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग नकद राशि सहित 87 लाख रुपये कीमत की सामग्री जब्त की है।
पांढुर्णा में ज्वेलरी दुकान में हुई लूट के मामले में 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 20 हजार रुपये नकद एवं वारदात में प्रयुक्त दो वाहन सहित लगभग 45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की हैं। वहीं, पन्ना जिले के अमानगंज में पुलिस ने धार्मिक रथयात्रा के दौरान चोरी एवं चेन स्नैचिंग की घटनाओं में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लगभग 42 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पांढुर्णा: ज्वेलरी दुकान में लूट का खुलासा, 06 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि जिला पांढुर्णा के थाना क्षेत्रांतर्गत गुजर्री चौक स्थित विनय ज्वेलर्स में 9 एवं 10 अक्टूबर की रात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने दुकान संचालक राजेश खरबड़े पर रॉड से हमला कर उन्हें घायल किया और दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे।
मामले में थाना पांढुर्णा में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देशन में थाना प्रभारी पांढुर्णा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी कर 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रकरण में एक आरोपी की लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने में संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 20 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त दो वाहन सहित लगभग 45 लाख रुपये कीमत की संपत्ति जब्त की हैं। मामले में आरोपियों की भूमिका एवं अन्य पहलुओं की विवेचना जारी है।
पन्नाः धार्मिक रथ यात्रा के दौरान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 10 आरोपी गिरफ्तार
इसी तरह जिला पन्ना के थाना अमानगंज क्षेत्र में 12 अक्टूबर 2026 को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हिन्दू सनातन रथयात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी एवं चेन स्नैचिंग की कई घटनाएं सामने आई थीं। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। इस दौरान लोगों की सोने की चेन, मंगलसूत्र एवं नकदी चोरी किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुईं। थाना अमानगंज में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। साइबर सेल की सहायता से घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों, रूट मैपिंग एवं मुखबिर तंत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में आरोपियों की तलाश कर 05 महिलाओं एवं 05 पुरुषों सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 29 हजार 780 रुपये नकद, 04 मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त तीन लग्जरी कारें—ब्रेजा, स्विफ्ट एवं विक्टोरियस सहित लगभग 42 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से आगामी धार्मिक यात्राओं, मेलों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद समूह के रूप में आयोजन स्थलों पर पहुंचकर भीड़ में घुल-मिल जाते और योजनाबद्ध तरीके से लोगों के आभूषण एवं नकदी चोरी करते थे। पन्ना पुलिस द्वारा प्रकरण में गिरोह की गतिविधियों एवं अन्य संभावित वारदातों के संबंध में विवेचना की जा रही है। मध्य प्रदेश पुलिस ने आमजन नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने कीमती सामान एवं नकदी के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

