home page

मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में 78 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ व संपत्ति जब्त

 | 
मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में 78 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ व संपत्ति जब्त


भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई के क्रम में पिछले दो दिनों में विभिन्न जिलों में समन्वित कार्रवाई करते हुए लगभग 78 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ एवं संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि मंदसौर जिले में थाना नारायणगढ़ पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय तस्कर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आयशर वाहन से 10 क्विंटल 02 किलोग्राम डोडाचूरा जप्त किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, श्योपुर जिले में पुलिस ने दो बड़ी कार्यवाहियों में लगभग 32 किलोग्राम गांजा, एक चार पहिया वाहन (अर्टिगा) एवं 3 मोबाइल फोन सहित 20 लाख 5 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। साथ ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इसी प्रकार शिवपुरी जिले में थाना बैराड़ पुलिस ने 11 लाख 50 हजार रूपए की 55.99 ग्राम स्मैक जप्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इंदौर पुलिस ने 100 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। नीमच जिले के थाना जावद क्षेत्र में पुलिस ने 166 किलोग्राम डोडाचूरा एवं कार जप्त कर 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 30 हजार रुपये है।

उज्जैन के थाना भाटपचलाना पुलिस ने ईनामी गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 200 ग्राम गांजा एवं कार सहित लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है। वहीं थाना तराना एवं खाचरोद पुलिस ने भी अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 12 हजार रुपये का गांजा जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकार उज्जैन पुलिस ने तीनों कार्यवाही में 5 लाख 62 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है।

भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने गोविंदपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की 2.14 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गुना जिले में अलग-अलग कार्यवाहियों में लगभग 7 किलोग्राम गांजा जप्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन सहित लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है। ग्वालियर में थाना कम्पू पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान 1.438 किलोग्राम गांजा एवं मोटरसाइकिल सहित लगभग 30 हजार रुपये की संपत्ति जप्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पन्ना जिले के थाना सिमरिया क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये का 1 किलो 670 ग्राम सूखा गांजा एवं 204 नग हरे गांजा पौधे जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर