home page

मप्र पुलिस ने तीन सप्ताह में विभिन्न जिलों में कार्रवाई कर चोरी किए गए 122 वाहन किए जब्त

 | 
मप्र पुलिस ने तीन सप्ताह में विभिन्न जिलों में कार्रवाई कर चोरी किए गए 122 वाहन किए जब्त


भोपाल, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विभिन्न जिलों की पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कर विगत तीन सप्ताह में चोरी किए गए 116 मोटरसाइक़िले , 04 ट्रैक्टर, 01 पिकअप एवं 01 कार जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार की जानकारी दी गई कि खरगोन पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों की निशानदेही पर खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, महू एवं हरदा सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की 51 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी पुराने अथवा खराब लॉक वाली मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर भीड़भाड़ वाले स्थानों से मात्र 5 मिनट में चोरी कर लेते थे और बाद में उन्हें कम कीमत पर ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते थे।

छतरपुर जिले में थाना लवकुशनगर पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 21 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। वहीं, सिंगरौली जिले की थाना चितरंगी पुलिस ने 05 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 09 मोटरसाइकिलें जब्त कीं है।

गुना पुलिस ने जिले में दो अलग-अलग कार्यवाही कर आरोपियों को गिरफ्तार एवं एक विधि- विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है । साथ उनके कब्जे से चोरी की 07 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। वहीं, मंदसौर पुलिस ने मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 05 मोटरसाइकिलें जब्त कीं।

ग्वालियर में थाना जनकगंज पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 2 एक्टिवा एवं 1 लैपटॉप जब्त किए गए। शाजापुर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की 05 मोटरसाइकिलें जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जीआरपी इंदौर ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 04 मोटरसाइकिलें जब्त की है।

दतिया जिले में थाना थरेट पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की 04 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। छिंदवाड़ा पुलिस की देहात थाना पुलिस ने दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी की 02 मोटरसाइकिलें जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

राजगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अंतरजिला एवं अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में चोरी की 04 मोटरसाइकिलें, 01 पिकअप वाहन तथा अपराध में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिलें सहित कुल 07 वाहन बरामद की है।

सागर जिले की खुरई शहर थाना पुलिस ने अंतरजिला ट्रैक्टर चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के 04 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। भिंड पुलिस ने चार पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 01 कार के साथ नकदी एवं फर्जी दस्तावेज जब्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर