मध्यप्रदेश पुलिस के विशेष अभियान में 15 दिन में 87 धारदार हथियार जब्त
भोपाल, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में व्यापक कार्रवाई की गई है। इस दौरान विभिन्न जिलों की पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी, निर्माण और बिक्री में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 87 अवैध हथियार, 23 धारदार हथियार, बड़ी संख्या में कारतूस तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए हैं।
शनिवार को पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि सबसे बड़ी कार्रवाई खरगोन जिले में हुई, जहां भीकनगांव, बमनाला, गोगावां, सनावद और जैतपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 29 देशी पिस्टल, 6 देशी कट्टों सहित कुल 35 अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ कर बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है।
मुरैना जिले में कोतवाली, पोरसा, अंबाह, देवगढ़, सबलगढ़ और सिहोनिया थाना पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए 15 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस जब्त किए। वहीं धार जिले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से जुड़े एक गैंगस्टर और सिकलीगर को गिरफ्तार कर चार देशी पिस्टल एवं हथियार निर्माण उपकरण बरामद किए।
दतिया में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा करते हुए कई कट्टे, पिस्टल और हथियार निर्माण सामग्री जब्त की। गुना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर तीन देशी कट्टे और कारतूस बरामद किए, जबकि डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को भी हथियारों सहित पकड़ा गया।
नीमच पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए देशी पिस्टल, कारतूस और मशीनरी जब्त की। राजधानी भोपाल में थाना तलैया क्षेत्र से एक विधि-विरुद्ध बालक के कब्जे से 15 तलवारें और 8 छुरे बरामद किए गए।
ग्वालियर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और स्टेटस अपलोड करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर कई देशी कट्टे बरामद किए गए। इसके अलावा इंदौर, शिवपुरी, टीकमगढ़, अलीराजपुर, छतरपुर, बुरहानपुर और उज्जैन में भी अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और कारतूस जब्त किए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में इनके उपयोग को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

