मप्र पुलिस ने दो सप्ताह में 1.83 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध शराब व वाहन जब्त
भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विगत दो सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार सख्त कार्रवाई की गई है। इस अवधि में की गई कार्रवाइयों में पुलिस ने एक करोड़ 83 लाख रुपये से अधिक कीमत की अवैध शराब एवं वाहनों की जब्ती कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि मंदसौर जिले में थाना नाहरगढ़ पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोयाबीन के बोरों की आड़ में ट्रक के माध्यम से परिवहन की जा रही 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब कीमत लगभग 50 लाख रुपये जब्त की गई। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त ट्रक कीमत लगभग 10 लाख रुपये सहित कुल 60 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब एवं संपत्ति जप्त कर आरोपी तस्करों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की है।
इसी तरह अलीराजपुर जिले में पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई में आज़ाद नगर पुलिस ने 25 पेटी बीयर एवं एक इको कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं चांदपुर पुलिस ने 100 पेटी माउंट बीयर एवं बोलेरो वाहन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन कार्रवाइयों में कुल मिलाकर लगभग 15 लाख 36 हजार रुपये की अवैध शराब एवं वाहनों की जब्ती की गई।
इंदौर जिले में पुलिस द्वारा दो अलग-अलग कार्रवाइयों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई। थाना चंदन नगर पुलिस ने घेराबंदी कर इको कार से अवैध शराब का परिवहन कर रहे आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 40 पेटी अंग्रेजी शराब, 15 पेटी बीयर तथा वाहन सहित लगभग 9 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। वहीं थाना लसूड़िया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही परमिट का दुरुपयोग कर दो वाहनों से अवैध रूप से परिवहन की जा रही लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की अवैध बीयर जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नीमच जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध की गई कार्रवाई में 35 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 285 लीटर अवैध देशी शराब, 150 लीटर अंग्रेजी शराब, 360 बीयर केन, 62 बीयर बोतल तथा 12 लीटर कच्ची शराब जब्त की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 25 हजार है।
मुरैना जिले में थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 80 पेटी अवैध देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये जब्त की गई तथा मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। रायसेन जिले में उमरावगंज पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 48 बीयर केन, 43 क्वार्टर देशी शराब एवं दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 79 हजार रुपये है तथा आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सतना जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने नजीराबाद रोड पर नाकाबंदी के दौरान वाहन चेकिंग करते हुए 07 कार्टून गोवा अंग्रेजी शराब कीमत लगभग 35 हजार तथा चार पहिया वाहन कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये सहित कुल 2 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, शिवपुरी जिले में थाना अमोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 पेटी अवैध शराब एवं स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 6 लाख 97 हजार 500 रुपये रुपए की संपत्ति जप्त की तथा आरोपी चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।
इसी क्रम में ग्वालियर जिले में महाराजपुरा थाना एवं बरेठा चौकी पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 89 क्वार्टर एवं 09 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 57 हजार 290 रुपए है। वहीं खंडवा जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 100 लीटर अवैध शराब कीमत 23 हजार 800 रुपए जब्त की। कटनी जिले में थाना बड़वारा पुलिस ने दबिश देकर 135 लीटर अवैध देशी शराब कीमत लगभग 75 हजार रुपए जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया तथा संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

