home page

मप्र पुलिस ने एक माह में विभिन्न राज्यों से 20 गुमशुदा बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया

 | 
मप्र पुलिस ने एक माह में विभिन्न राज्यों से 20 गुमशुदा बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया


भोपाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की सुरक्षित घर वापसी के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत विगत एक माह में गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, नई दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं राजस्थान राज्यों से 20 बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया है।

पन्ना—14 वर्ष पुराने मामले में मिली सफलता

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि पन्ना जिले के थाना सिमरिया पुलिस ने वर्ष 2012 से गुम नाबालिग बालिका की तलाश में लगातार प्रयास जारी रखे। तकनीकी विश्लेषण एवं सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस टीम ने पटना, बिहार पहुंचकर बालिका को सकुशल दस्तयाब किया।

कटनी—चार मामलों में दूसरे राज्यों तक पहुंची पुलिस टीम

वहीं, कटनी जिले में थाना माधवनगर पुलिस ने 15 वर्षीय अपहृत किशोरी को गुड़गांव, हरियाणा से सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना एनकेजे पुलिस ने अपहृत बालिका को मुजफ्फरपुर, बिहार, चौकी निवार पुलिस ने तकनीकी एवं साइबर सहायता से गुम बालक की लोकेशन प्राप्त कर जम्मू-कटरा, जम्मू-कश्मीर तथा थाना बाकल पुलिस ने 14 एवं 15 वर्षीय दो गुम बालिकाओं को नासिक, महाराष्ट्र से सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।

ग्वालियर—24 घंटे में दो नाबालिग भाइयों की तलाश

थाना मुरार पुलिस ने घर से निकले दो नाबालिग भाइयों की तलाश में त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सोनीपत, हरियाणा स्थित आश्रम से मात्र 24 घंटे में सकुशल दस्तयाब किया।

वहीं थाना जनकगंज पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, उत्तरप्रदेश से तथा थाना करहिया पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को आगरा के सेवला क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया।

इसी प्रकार थाना बिजौली पुलिस ने तकनीकी सहायता से 02 वर्ष पुराने अपहरण के प्रकरण में नाबालिग बालक को जयपुर, राजस्थान से सकुशल दस्तयाब किया।

देवास—गुजरात और दिल्ली तक पहुंची पुलिस

देवास जिले के थाना बागली पुलिस ने डेढ़ माह से अपहृत नाबालिग बालिका को लगभग 450 किलोमीटर दूर बड़ौदा, गुजरात से सकुशल दस्तयाब किया। वहीं थाना पीपलरवां पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालक को महज छह दिनों में नई दिल्ली से खोजकर सुरक्षित परिजनों को सौंपा।

सागर—डेढ़ वर्ष पुराने मामले में अहमदाबाद से दस्तयाबी

थाना महाराजपुर पुलिस ने करीब डेढ़ वर्ष पुराने प्रकरण में नाबालिग बालिका को अहमदाबाद, गुजरात से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

शिवपुरी—अहमदाबाद से नाबालिग बालिका दस्तयाब

थाना करैरा पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका की तलाश में अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उसे अहमदाबाद, गुजरात से सकुशल दस्तयाब किया तथा प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार किया।

खरगोन—महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस

सेगांव पुलिस चौकी की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर नाबालिग बालिका का पता लगाया और उसे छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

दतिया : थाना सरसई पुलिस ने चार वर्ष पुराने प्रकरण में लगातार प्रयास करते हुए अपहृता बालिका की तलाश कर उसे उन्नाव, उत्तरप्रदेश के हसनगंज क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया।

अनूपपुर—पंजाब से गुम बालक की सुरक्षित वापसी

थाना बिजुरी पुलिस ने गुम बालक की तलाश में अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित करते हुए उसे पंजाब से सकुशल दस्तयाब किया और सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।

मुरैना: आगरा उत्तरप्रदेश से गुमशुदा नाबालिग बालक सकुशल दस्तयाब

थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुए 14 वर्षीय नाबालिग बालक को 12 घंटे के भीतर आगरा (उ.प्र.) से सकुशल दस्तयाब किया। CCTV फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस टीम बालिका तक पहुंची।

ग्वालियर- नाबालिग बालक को दिल्ली से किया दस्तयाब

शहर के थाना महाराजपुरा पुलिस ने घर से बिना बताए चले गए 16 वर्षीय नाबालिग बालक को तकनीकी सहायता से दिल्ली से सकुशल दस्तयाब किया।

प्रदेश के प्रत्येक जिले में लगातार जारी है ‘ऑपरेशन मुस्कान’

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अन्य राज्यों से बच्चों की दस्तयाबी की ये कार्यवाहियां ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत किए जा रहे विशेष प्रयासों का परिणाम हैं। बच्चों की तलाश के लिए प्रदेश के सभी जिलों में थाना एवं चौकी स्तर पर पुलिस टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। स्थानीय स्तर पर सर्चिंग के साथ तकनीकी संसाधनों और सूचना तंत्र का उपयोग किया जा रहा है तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस टीमें दूसरे जिलों एवं राज्यों तक पहुंचकर बच्चों की तलाश कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर