home page

मप्र पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो दिन में 1.32 करोड़ मूल्य के मादक पदार्थ व अन्य सामग्री जब्त

 | 
मप्र पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो दिन में 1.32 करोड़ मूल्य के मादक पदार्थ व अन्य सामग्री जब्त


भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध व्यापक एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। विगत दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई कार्यवाहियों के दौरान लगभग 1 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ , वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि नीमच जिले के थाना सिंगोली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 450 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा जब्‍त कर राजस्थान निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 72 लाख 64 हजार रुपये का डोडाचूरा, पिकअप वाहन, मोबाइल एवं अन्य सामग्री जब्त की है।

इसके अतिरिक्‍त एक अन्‍य कार्यवाही में थाना नीमच सिटी पुलिस ने ट्रैवल्स बस के माध्यम से तस्करी कर ले जाए जा रहे 105 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 15 लाख 75 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया है। इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 88 लाख 39 हजार रुपये की संपत्ति जब्‍त की है।

इसी तरह रतलाम जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बिना नंबर की लग्जरी महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। कार्रवाई में डोडाचूरा एवं लग्जरी वाहन सहित लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्‍त की है। एक अन्‍य कार्यवाही में थाना माणकचौक पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए जब्‍त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये है।

इंदौर के थाना कनाड़िया पुलिस ने तीन एमडी ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 47.78 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं तस्करी में प्रयुक्त कार सहित लगभग 15 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्‍त की है। इसी प्रकार मंदसौर जिले के थाना नई आबादी पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 65 किलोग्राम डोडाचूरा सहित 1 लाख 5 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। वहीं कटनी जिले के थाना कुठला की बिलहरी पुलिस ने एक आरोपी को 10 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये) के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर