मप्र पुलिस की नशे के विरुद्ध कार्रवाई, एक सप्ताह में 2.10 करोड़ से अधिक का मादक पदार्थ एवं संपत्ति जब्त
भोपाल, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा विगत एक सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं अवैध रूप से मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ एवं अन्य संपत्ति जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि नीमच जिले की पुलिस चौकी कंजार्डा ने मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 424 किलो अवैध डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 63 लाख 60 हजार है, जप्त कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक अन्य कार्यवाही थाना जीरन पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के पदार्थ तस्करों के विरूद्व कार्यवाही करते हुए 12 क्विंटल 70 किलो अवैध डोडाचुरा एवं ट्रक सहित लगभग 65 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 01 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
इंदौर के थाना चंदन नगर पुलिस ने नशा तस्कर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए विदेशी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 57.18 ग्राम कोकीन, मोबाइल फोन सहित लगभग 29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। शिवपुरी के थाना कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों के विक्रय के विरुद्ध तीन अलग-अलग कार्यवाहियों में स्मैक का विक्रय करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 48.36 ग्राम स्मैक, मोटरसाइकिल एवं बुलेरो वाहन सहित लगभग 22 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
बालाघाट पुलिस ने थाना चांगोटोला के एनडीपीएस एक्ट के अपराध में पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी से पूछताछ के बाद ओडिशा में दबिश देकर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 31.570 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 16 लाख रुपये) जब्त किया। वहीं, विदिशा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए गंजबासौदा क्षेत्र से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 ग्राम ब्राउन शुगर, 147 लीटर अवैध शराब, 500 एबल के इंजेक्शन, 70 सिरिंज, 32 मोबाइल एवं 01 मोटरसाइकिल सहित लगभग 9 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
उज्जैन के थाना जीवाजीगंज पुलिस ने नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा चालक को रोककर उसके कब्जे से 255 ग्राम अवैध चरस कीमत लगभग 2 लाख रुपये जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं थाना खाचरोद पुलिस ने बुरानाबाद जंगल में अवैध रूप से गांजे की खेती का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया तथा कुटिया के पास पेड़-पौधों की आड़ में उगाए गए 26 किलो 96 ग्राम गांजा कीमत लगभग 4 लाख रुपये का जप्त किया। दोनों कार्रवाइयों में लगभग 6 लाख रुपये का मादक पदार्थ जप्तब किया। वहीं, मैहर पुलिस ने थाना कोतवाली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 152 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

