home page

मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ग्वालियर और कटनी में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भांडाफोड़

 | 
मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ग्वालियर और कटनी में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भांडाफोड़


भोपाल, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध की जा रही प्रभावी कार्रवाई के क्रम में ग्वालियर एवं कटनी जिलों में पुलिस ने अलग-अलग प्रकरणों 10 लाख एक हजार रुपये नगद, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन, चेक बुक सहित लगभग 13 लाख 98 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की हैं। दोनों मामलों में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के माध्यम से बड़े पैमाने पर तीन करोड़ 29 लाख रुपये का आर्थिक लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि ग्वालियर जिले में क्राइम ब्रांच पुलिसने थाना महाराजपुरा क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी पिंटोपार्क के एक मकान पर प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कमरे में 03 व्यक्ति मोबाइल एवं लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार किया गया। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों पर सक्रिय आईडी, ट्रांजेक्शन डाटा, यूपीआई क्यूआर कोड, बैंक खातों से संबंधित विवरण तथा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निर्देश प्राप्त होने संबंधी डिजिटल साक्ष्य मिले है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी कमीशन के आधार पर कार्य करते हुए लोगों को गेमिंग एप में जीत का प्रलोभन देकर रकम निवेश करवाते थे तथा म्यूल बैंक खातों के माध्यम से राशि का ट्रांसफर कराते थे। अवैध लाभ का हिस्सा नगद एवं विभिन्न खातों में स्थानांतरित किया जाता था, साथ ही प्रत्येक लेन-देन के लिए अलग-अलग खाते उपयोग किए जाते थे जिससे ट्रैकिंग कठिन हो सके। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 49 हजार रुपये नगद, 03 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, एक बैग सहित 8 लाख 69 हजार रुपये की सामग्री जप्त की गई।

इसी प्रकार कटनी जिले के थाना माधवनगर क्षेत्र में कर्मचारियों के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के माध्यम से करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन किए जाने का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पाया गया कि बंधन बैंक,एचडीएफसी बैंकएवं आईडीबीआई बैंक के खातों के माध्यम से लगभग 3 करोड़ 29लाख रुपये का लेन-देन किया गया। आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 52 हजार रुपये नगद, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज जप्त किए हैं। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की तलाश एवं विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर