मप्र पुलिस की चोरी एवं नकबजनी के विरुद्ध कार्रवाई, 10 दिन में 1.89 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
भोपाल, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विगत 10 दिनों में विभिन्न जिलों में पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं त्वरित पुलिस कार्रवाई के माध्यम से एटीएम कटिंग, गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी, धार्मिक स्थलों में चोरी तथा सूने मकानों में नकबजनी की अनेक वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने लगभग एक करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा शुक्रवार को जानकारी दी गई कि इंदौर जिले के थाना राऊ पुलिस ने लिफ्ट से चोरी हुए 8 लाख रुपये की राशि के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पूरी राशि जब्त की। वहीं सराफा पुलिस ने डिलीवरी पार्सल से चोरी हुए 273 ग्राम सोने के मामले का खुलासा करते हुए लगभग 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों कार्रवाइयों में लगभग 48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
खरगोन जिले में पुलिस ने अंतरजिला विद्युत ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 1860 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल तथा 03 वाहन सहित लगभग 22 लाख 09 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। एक अन्य कार्रवाई में चोरी की घटना का खुलासा कर 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की झुमकी, मोबाइल, 8 हजार रुपये नगद एवं चोरी की गई 02 मोटरसाइकिल सहित लगभग 2 लाख 35 हजार रुप.े की संपत्ति जब्त की है।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने किसानों के खेतों से ड्रीप लाइन चोरी करने वाले गिरोह के 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर 138 ड्रीप लाइन पाइप के बंडल एवं पिकअप वाहन सहित लगभग 4 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। वहीं नर्मदा परिक्रमा मार्ग स्थित टोकसर मंदिर परिसर में चोरी करने वाले 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर दानपेटी से चोरी किए गए 3,703 रुपये नगद, दानपेटी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इन सभी कार्रवाइयों में पुलिस ने लगभग 30 लाख 14 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
वहीं, मंदसौर पुलिस ने 05 राज्यों में 17 स्थानों पर नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। वहीं थाना गरोठ पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया गरोठ के एटीएम को गैस कटर से काटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से लगभग 6 लाख रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त कार, गैस कटर, सिलेंडर, एटीएम पार्ट्स एवं अन्य सामग्री जब्त की। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने लगभग 26 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सिंगरौली जिले में थाना बैढ़न पुलिस ने लगभग 10 टन चोरी का लोहा कबाड़ एवं एक ट्रक सहित लगभग 23 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। अनूपपुर जिले की रामनगर पुलिस ने 49 नग डीआई पाइप चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी में प्रयुक्त आयशर ट्रक सहित लगभग 23 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मुरैना के थाना बागचीनी पुलिस ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 90 घरेलू LPG गैस सिलेंडर एवं एक लोडिंग वाहन सहित लगभग 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
देवास जिले में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने ऑपरेशन “त्रिनेत्रम्”के तहत सूने मकानों की रैकी कर नकबजनी करने वाले गिरोह के 03 आरोपियों को गिरफ्तार एवं 03 विधि विरूद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर लगभग 11 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति जब्त की। वहीं फसल बेचकर लौट रहे किसान के ट्रैक्टर से 34,500 रुपये चोरी करने वाले आरोपी को सीसीटीवी कैमरों के विश्लेषण के आधार पर मात्र 07 घंटे में गिरफ्तार कर पूरी राशि जब्त की है। दोनों कार्रवाइयों में लगभग 11 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
इसी प्रकार विदिशा में बासौदा देहात पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए सोने-चांदी के आभूषण एवं 72 हजार रुपये नगद सहित लगभग 3 लाख रुपये, शाजापुर में अकोदिया पुलिस ने वृद्ध महिला से चोरी हुई 22 ग्राम सोने की चेन सहित लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये, बड़वानी में नागलवाड़ी पुलिस ने चोरी के मामले में विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर लगभग 3 लाख 80 हजार रुपये, छतरपुर में बिजावर पुलिस ने धार्मिक स्थलों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये तथा ग्वालियर में माधौगंज पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी करने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

