मुरैनाः वन आरक्षक हत्याकांड में भाजपा नेता पवन तोमर गिरफ्तार
मुरैना, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन आरक्षक हरकेश गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ट्रैक्टर मालिक और स्थानीय भाजपा मंडल से जुड़ा पदाधिकारी बताया जा रहा है। पुलिस उसे थाने ले आई, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
यह घटना 8 अप्रैल की सुबह की है, जब वन विभाग की टीम अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान रेत माफिया से जुड़े लोगों ने वन आरक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिनमें ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी, ट्रैक्टर मालिक पवन तोमर और एक अन्य आरोपी सोनू चौहान शामिल हैं। इनमें से सोनू चौहान को पुलिस शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर चुकी है।
रविवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी पवन तोमर को भी गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह स्थानीय स्तर पर भाजपा संगठन से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मुख्य आरोपी विनोद कोरी की तलाश जारी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

