home page

मप्रः पचमढ़ी में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
मप्रः पचमढ़ी में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार


भोपाल, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में नाबालिग छात्रा (17) से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को स्थानीय जिप्सी ड्राइवर और दो युवकों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग पचमढ़ी में पढ़ाई करती है। उससे 19 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे उसका एक स्कूल का दोस्त मिलने आया था। बस स्टैंड पर दोस्त की मुलाकात जिप्सी ड्राइवर हरिओम से हुई। हरिओम के साथ होटल में काम करने वाले पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी थे। आरोपी लड़की और उसके दोस्त को पंचमढ़ी के जंगल में ले गए। दोनों को डराया-धमकाया और छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया। इसके बाद छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद डरी हुई पीड़िता घर लौट आई और स्कूल जाना बंद कर दिया। बड़ी बहन ने स्कूल न जाने का कारण पूछा तो पीड़िता ने उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद रविवार रात वह परिजन के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर मोनिका सिंह सोमवार को पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया

पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा ने बताया कि नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

इस घटना के बाद पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एक स्थानीय जिप्सी चालक की संलिप्तता सामने आने से चिंता और बढ़ गई है। पचमढ़ी आने वाले पर्यटक आमतौर पर स्थानीय जिप्सी चालकों और गाइडों के सहयोग से क्षेत्र का भ्रमण करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर