home page

मप्र के मंदसौर में बिना नंबर की कार में मिले 1.29 करोड़ रुपये नकद, तीन गिरफ्तार

 | 
मप्र के मंदसौर में बिना नंबर की कार में मिले 1.29 करोड़ रुपये नकद, तीन गिरफ्तार


मंदसौर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार से एक करोड़ 29 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। रकम कार में अलग-अलग बॉक्स बनाकर छिपाई गई थी। मामले में उत्तर प्रदेश के दो लोगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शामगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम बरखेड़ा उदा में दबिश दी और इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस पूछताछ कर रही है कि रकम किसकी है, कहां से आई और कहां ले जाई जा रही थी? इसके नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने की आशंका है।

थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा उदा के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर पर उत्तर प्रदेश से दो व्यक्ति आए हुए हैं। ये दोनों व्यक्ति एक बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो कार में सवार होकर पहुंचे थे। गाड़ी को सरपंच के घर के पीछे बने बाड़े में छिपाकर खड़ा किया गया था। स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में अवैध कमाई की नकदी छिपाकर लाए हैं।

थाना प्रभारी के अनुसार, सूचना के आधार पर बुधवार को पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। वहां स्कॉर्पियो कार के समीप तीन व्यक्ति खड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम तीनों व्यक्तियों और स्कॉर्पियो कार को शामगढ़ थाने ले आई। इसके बाद पुलिस ने थाने में एक मैकेनिक को बुलाकर गाड़ी की सघन जांच करवाई।

मैकेनिक के जरिये जब स्कॉर्पियो कार की अलग-अलग जगहों की चेकिंग की गई, तो उसमें बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल बरामद हुए। कार से कुल एक करोड़ 29 लाख रुपये जब्त किए गए। आरोपियों ने कार के भीतर नकदी छिपाने के लिए विशेष इंतजाम किए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका यह प्रयास असफल हो गया।

थाना प्रभारी सौराष्ट्रीय ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों - ग्राम पंचायत बरखेड़ा उदा के सरपंच भवानी शंकर (उम्र 49 वर्ष) पुत्र प्रभुलाल मीणा, मोहम्मद इस्लाम (उम्र 47 वर्ष) पुत्र मोहम्मद वसीम, निवासी प्रतापपुर जीवनसहाय, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश और सूर्य प्रकाश (उम्र 59 वर्ष) पुत्र कृष्ण सरूप गंगवार, निवासी सेंट्रल इस्टेट कॉलोनी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से जब्त नकदी के स्रोतों और नशे के नेटवर्क के बारे में के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर