मप्र पुलिस की अपराधों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई, 10 दिन में 1.24 करोड़ से अधिक की सामग्री जब्त
- प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं रेल पुलिस इकाइयों में चोरी की अनेक वारदातों का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं चोरी में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रदेशभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत 10 दिनों के दौरान विभिन्न जिलों एवं रेल पुलिस इकाइयों ने कार्रवाई कर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने लगभग 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त संपत्ति में नर्मदा नल-जल योजना के पाइप, सोने-चांदी के आभूषण, विद्युत तार, मोबाइल फोन, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी सहित अन्य सामग्री शामिल है।
शाजापुर - 73 लाख 85 हजार रुपये के नर्मदा नल-जल योजना के चोरी हुए पाइप जब्त
पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि शाजापुर जिले में थाना अवंतिपुर बड़ोदिया पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए नर्मदा नल-जल योजना के चोरी हुए पाइप जब्त कर 73 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
रीवा - लगभग 23 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
रीवा के थाना समान पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन संदिग्धों से पूछताछ के बाद सोना, नकदी एवं अन्य सामान सहित लगभग 23 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जीआरपी — लगभग 12 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेन एवं रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली बैग चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के ट्रॉली बैग, लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, आईपैड, मॉनिटर, घरेलू सामान एवं अन्य लगेज सहित लगभग 8 लाख 26 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है। वहीं जीआरपी थाना रानी कमलापति पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की चार वारदातों का खुलासा किया। कार्रवाई में लगभग 4 लाख रुपये के मोबाइल फोन जब्त किए है। इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 12 लाख 26 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
सीहोर- लगभग 6 लाख 55 हजार रूपए के सोने-चांदी के आभूषण जब्त
सीहोर के मंडी थाना पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक विधि विरूद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से 6 लाख 55 हजार रूपए के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए।
निवाड़ी - 5 लाख रूपए की संपत्ति जब्त कर इनामी आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
निवाड़ी पुलिस ने थाना ओरछा अंतर्गत चौकी नाराई नाका क्षेत्र में हुई घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की अंगूठी, झुमकी, टॉप्स, नाक की कील, सोने का ओम, चांदी की 12 जोड़ी पायल, 58 बिछिया, 42 हजार 500 रूपए नगद एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 5 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है। मुख्य आरोपी के कब्जे से अवैध 315 बोर का कट्टा एवं एक जिंदा राउंड भी जब्त किया है।
बैतूल - लगभग 1 लाख 80 हजार रूपए की संपत्ति जब्त
भैंसदेही एवं कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए खेतों के मोटर पंपों से कॉपर वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कॉपर वायर, मोटरसाइकिल एवं चोरी में प्रयुक्त औजार सहित लगभग 1 लाख 80 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की।
देवास - 1 लाख 44 हजार की संपत्ति जब्त
बागली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की दो वारदातों का खुलासा किया। कार्रवाई में लगभग 1 लाख 44 हजार रूप्ए की संपत्ति जब्त की। इसी प्रकार विदिशा के थाना आनंदपुर पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 80 किलोग्राम विद्युत तार एवं 700 नकद सहित कुल 40 हजार 700 रूपए एवं मंदसौर की पिपलियामंडी पुलिस ने लहसुन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

