home page

मप्र के कटनी रेलवे स्टेशन से तेलंगाना पुलिस की कस्टडी से हथकड़ी निकालकर भागा आरोपी

 | 
मप्र के कटनी रेलवे स्टेशन से तेलंगाना पुलिस की कस्टडी से हथकड़ी निकालकर भागा आरोपी


कटनी, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी देर रात तेलंगाना पुलिस की कस्टडी से एक आरोपी के हथकड़ी से हाथ निकालकर भागने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।

जीआरपी के अनुसार, तेलंगाना के नाचाराम थाना में दर्ज मामले में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा निवासी आशीष कुमार, संदीप महाजन, संदीप कुमार (30) पुत्र हरिचंद्र और शशि कुमार को गिरफ्तार किया गया था। चारों आरोपियों को दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस से तेलंगाना पुलिस द्वारा ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिहार से हैदराबाद ले जाया जा रहा था।

तेलंगाना के थाना पसाय गौड़ा के एसआई कन्ने कोएम सतीश ने जीआरपी कटनी को बताया कि दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस जैसे ही कटनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 पर पहुंची, तभी आरोपी संदीप कुमार ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाश की लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चल सका। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।

जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत पर कटनी जीआरपी ने फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्टेशन समेत आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपी ट्रेन से उतरकर कटनी स्टेशन के बाहर जाते दिखाई दे रहा है। आरोपी की संभावित लोकेशन के आधार पर अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर