झाबुआ: नकली सोने के बिस्किट देकर लाखों की ठगी मामले में महिला सहित दो फरार आरोपित गिरफ्तार
झाबुआ, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ में कोतवाली पुलिस द्वारा नकली सोने का बिस्किट देकर करीब पांच लाख रुपये की ठगी कर फरार हुए एक महिला सहित कुल दो आरोपितों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य महिला आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितो के कब्जे से अब तक कुल 4 लाख 80 हजार रुपये जप्त किए गए हैं।
उक्त मामले में जानकारी देते हुए थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह भदोरिया ने रविवार को बताया कि ठगी के इस मामले में थाना कोतवाली झाबुआ में फरियादी जगदीश चन्द्र पिता दलपतराम पाठक, निवासी धोलका, जिला अहमदाबाद (गुजरात) की शिकायत पर नकली सोने का बिस्किट देकर 4 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया था, और मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में एक महिला आरोपिता को गिरफ्तार कर 3 लाख रुपये जप्त किए गए थे। उक्त प्रकरण में फरार चल रहे एक पुरुष एवं एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1 लाख 80 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
घटना का विवरण देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि फरियादी जगदीश चन्द्र पिता दलपतराम पाठक निवासी धोलका, जिला अहमदाबाद (गुजरात) की मुलाकात मजदूरी के दौरान मानसिंह भील से हुई थी। मानसिंह ने उसे बताया कि उसकी चाची को पुराने मकान की खुदाई में सोने के बिस्किट मिले हैं। मानसिंह द्वारा सोने के टुकड़े उपलब्ध कराए गए, जिन्हें फरियादी ने ज्वेलर्स से जांच कराने पर सोना बताया गया। इसके बाद फरियादी सोने का बिस्किट खरीदने के लिए तैयार हो गया।
दिनांक 18.09.2026 को फरियादी अपने परिजनों के साथ 4 लाख 90 हजार रुपये लेकर पिटोल पहुंचा, जहां आरोपियों द्वारा असली सोने का बिस्किट बताकर नकली बिस्किट दे दिया गया तथा बदले में 4 लाख 90 हजार रुपये प्राप्त कर लिए गए। बाद में जांच कराने पर उक्त बिस्किट नकली एवं तांबे का बना होना पाया गया। उक्त शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली झाबुआ में अपराध क्रमांक 940/2026, धारा 318(4) बी एन एस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा पूर्व में आरोपिया रोशना पति नाजु डामोर, उम्र 35 वर्ष, निवासी आमलीफलिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 लाख रुपये जप्त किए गए थे। प्रकरण में फरार आरोपी सतरु पिता रमजु चौहान निवासी कडिया, थाना राणापुर एवं आरोपिया मंगीबाई पति सतरु चौहान निवासी कडिया, थाना राणापुर को पुलिस टीम द्वारा को गिरफ्तार कर आरोपीगण के कब्जे से ठगी गई राशि में से नगद 1 लाख 80 हजार रुपये बरामद किए गए। प्रकरण में अब तक तीनों आरोपीगण से कुल 4 लाख 80 हजार रुपये नगद जप्त किए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

