इंदौरः 44 हजार के नकली नोटों के साथ तीन युवक गिरफ्तार, प्रिंटिंग मशीन समेत अन्य सामग्री जब्त
इंदौर, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गांधीनगर थाना पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 44 हजार रुपये के नकली नोट बरामद कर प्रिटिंग मशीन समेत और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
एसीपी निधि सक्सेना ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गांधीनगर स्थित सांवरिया ढाबा के कर्मचारी अशोक ने गुरुवार देर शाम पुलिस को सूचना दी कि एक युवक संदिग्ध 200 रुपये के नोट से भुगतान करने आया है। सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम दीपक पटेल और पता अटाहेड़ा (देपालपुर) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक ही सीरियल नंबर वाले 200-200 रुपये के 20 नकली नोट मिले।
एसीपी ने बताया कि पूछताछ में दीपक ने अपने दो साथियों संजय उर्फ जय वैष्णव और रवि चौधरी के साथ मिलकर नकली नोट तैयार कर बाजार में चलाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के ठिकाने से 200-200 रुपये के नकली के नोट (कुल 40 हजार रुपये), कुछ अधछपे 500 रुपये के नोट, कलर प्रिंटर और उच्च गुणवत्ता वाले कागज बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाने की तकनीक सीखी थी। इसके बाद कलर प्रिंटर खरीदकर नकली नोट छापने लगे और उन्हें बाजार में खपाने की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा नकली नोटों की सप्लाई चेन को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

