home page

इंदौरः जिलाबदर कुख्यात तस्कर के घर पर आबकारी का बड़ा एक्शन, बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त

 | 
इंदौरः जिलाबदर कुख्यात तस्कर के घर पर आबकारी का बड़ा एक्शन, बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त


इंदौर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में मदिरा के अवैध रूप से क्रय-विक्रय, भण्डारण तथा परिवहन करने वालों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलाबदर कुख्यात तस्कर के घर पर छापा डालकर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल एवं फ्लाइंग स्क्वॉड प्रभारी कमलेश सोलंकी द्वारा वृत्त सांवेर अंतर्गत ग्राम बड़ोदिया खान में की गई। बताया गया कि आबकारी विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुख्यात शराब तस्कर महेश उर्फ एन.डी. के निवास से अवैध मदिरा जब्त की गई। कार्यवाही के दौरान कुल 62 पेटी देशी मदिरा (558 बल्क लीटर), 35 पेटी विदेशी मदिरा स्प्रिट (315 बल्क लीटर) तथा 4 पेटी विदेशी मदिरा बीयर (48 लीटर) जप्त की गई। इस प्रकार कुल 101 पेटी देशी एवं विदेशी मदिरा, कुल 921 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई। उक्त आरोपी पूर्व में जिलाबदर भी रह चुका है, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।

उक्त कार्यवाही में आबकारी विभाग की टीम में एडीईओ धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान तथा उप निरीक्षक त्रियांबिका शर्मा, आशीष जैन एवं बी.डी. अहिरवार का विशेष योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर