इंदौरः क्राइम ब्रांच ने 24.71 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्करों को दबोचा
इंदौर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 24.71 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई है।
आरोपी टवेरा कार में सवार होकर घूम रहे थे और उन्होंने नशीला पदार्थ कार के ड्राइवर साइड वाले दरवाजे के बोतल होल्डर में छिपा रखा था। पुलिस ने ड्रग्स के साथ कार और उसमें रखी एक बाइक भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.80 लाख रुपये आंकी गई है। रविवार को पुलिस ने इस कार्रवाई का खुलासा किया।
सुपर कॉरिडोर पर चेकिंग के दौरान पकड़ाए
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 28 नवंबर को पुलिस टीम सुपर कॉरिडोर पर पिलर नंबर 132 के नजदीक सर्विस रोड पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक टवेरा कार में दो युवक बैठे दिखाई दिए। वाहन के भीतर एक मोटरसाइकिल भी रखी हुई थी। युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कार को घेरकर पूछताछ शुरू की। पुलिस को देखकर दोनों घबराने लगे।
पूछताछ में उनकी पहचान वारिस मंसूरी (28), निवासी जावरा, जिला रतलाम और समीर खान (25), निवासी बांसवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई। इसके बाद कार की तलाशी ली गई। इस दौरान ड्राइवर साइड के दरवाजे में बने बोतल होल्डर से 24.71 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। कार में रखी बाइक के बारे में आरोपियों ने बताया कि वह खराब है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सप्लायरों की तलाश
पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मेफेड्रोन, टवेरा कार और हीरो स्प्लेंडर बाइक जब्त कर ली। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 2.40 लाख रुपए बताई गई है। मामले में थाना क्राइम ब्रांच इंदौर में अपराध क्रमांक 0205/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें ड्रग्स कहां से मिली थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, वारिस मंसूरी नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और हम्माली करता है। वहीं, समीर खान ने दूसरी कक्षा तक पढ़ाई की है और वह ड्राइवरी का काम करता है।
इस साल 219 आरोपियों की गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक NDPS एक्ट के तहत 100 मामले दर्ज कर 219 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने 3.55637 किलो MD ड्रग्स, 41.023 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 492.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों के अलावा जब्त किए गए वाहनों सहित कुल संपत्ति की कीमत करीब 4.74 करोड़ रुपये है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

