home page

छिंदवाड़ाः सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर युवती को जान से मारने की धमकी, 3 आरोपी गिरफ्तार

 | 
छिंदवाड़ाः सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर युवती को जान से मारने की धमकी, 3 आरोपी गिरफ्तार


छिंदवाड़ा, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में युवती को हिंदूवादी संगठन के नेता के बयान को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद विशेष समुदाय के युवकों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी गई। युवकों ने फोन कॉल पर आपत्तिजनक और धमकी भरी बातें कहीं। हिंदू संगठनों के आक्रोश के बाद मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह गत 16 फरवरी को छिंदवाड़ा पहुंचे थे। वे यहां आयोजित हिंदू गर्जना रैली में शामिल हुए थे। रैली के दौरान एक हिंदूवादी नेता वर्ग विशेष को लेकर बयान दिया था। छिंदवाड़ा की युवती ने उक्त बयान को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसी को लेकर वर्ग विशेष के युवकों ने फोन कॉल पर युवती को धमकी दी थी। युवकों ने खुद को पठान बताते हुए कहा कि तेरे समाज की चार लड़कियों को चलाता हूं। वे मेरे लिए जहर खाने को तैयार हैं। तुम कहते हो हम रेप करते हैं, तो सुन हां, सही में रेप करता हूं।

कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार देर रात हिंदू संगठनों के करीब एक हजार कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो छिंदवाड़ा बंद कर दिया जाएगा।

कोतवाली थाना निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें पुराना बैल बाजार निवासी राजा खान, बिलाल खान पिता रियाज खान और काराबोह देहात थाना क्षेत्र निवासी शेख शंजिल पिता मोहम्मद तौफीक शामिल हैं। वहीं, पुलिस की कारवाई के बाद हिंदू संगठनों ने आंदोलन वापस ले लिया है। हिंदूवादी संगठन के नेता अरविंद राजपूत ने कहा कि हमने आंदोलन की चेतावनी गिरफ्तारी नहीं होने पर दी थी। अब मांग पूरी हो गई है।

गौरतलब है कि 16 फरवरी को आयोजित रैली में हिंदूवादी संगठन के नेता और रामलीला मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने कहा कि अगर इसी तरह हालात रहे, तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। अरविंद राजपूत के इसी बयान को 22 साल की एक युवती ने मंगलवार सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टेटस के रूप में शेयर किया। स्टेटस लगाने के कुछ घंटों बाद, करीब दो बजे युवती के पास इंस्टाग्राम से धमकीभरा कॉल आया। विवाद की जड़ सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो और उसके बाद वायरल हुई एक कॉल रिकॉर्डिंग बताई जा रही है। आरोप है कि कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में एक युवती को फोन पर न केवल भद्दे शब्द कहे, बल्कि उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

इस ऑडियो के सार्वजनिक होने के बाद शहर के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और वे बड़ी संख्या में कोतवाली थाना परिसर में जमा हो गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग पर अडिग रहते हुए थाना परिसर में स्थित श्री हनुमान मंदिर में बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। आरोपियों को तत्काल चिह्नित कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को रात 11 बजे तक का समय दिया था। अरविंद राजपूत ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी थी कि छिंदवाड़ा शांति का टापू है, लेकिन यहां की बेटियों को धमकी देने और शहर का माहौल बिगाड़ने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि 11 बजे तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो हम व्यापक आंदोलन करेंगे और 'छिंदवाड़ा बंद' का आह्वान किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने अपना आंदोलन वापस ले लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर