मप्रः गुना पुलिस ने 17 लाख रुपये की लूट का महज 18 घंटे में किया खुलासा
- चार आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई लगभग संपूर्ण राशि एवं वाहन बरामद
भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस की गुना पुलिस ने 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का मात्र 18 घंटे में खुलासा कर दो मुख्य लुटेरों, उन्हें फरार होने में मदद करने वाले एक आरोपी तथा मुखबिरी करने वाले एक अन्य आरोपी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई लगभग संपूर्ण राशि, घटना में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
गुना एसपी हितिका वासल ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि विशेष पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक विवेचना, मुखबिर तंत्र एवं त्वरित फील्ड कार्रवाई के माध्यम से यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि 08 जुलाई को गुना शहर के निचला बाजार रपटे के समीप कुंभराज के एक धनिया व्यापारी के कर्मचारी की तीन अज्ञात बदमाशों ने आंखों में स्प्रे कर 17 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। सूचना मिलते ही गुना कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द सक्सेना ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की। इसके साथ ही 06 विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिले की सीमाओं पर सघन नाकाबंदी की, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 18 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा लूट की पूरी साजिश का खुलासा किया गया, जिसके आधार पर उन्हें फरार होने में सहायता करने वाले आरोपी तथा मुखबिरी करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान लूट की राशि में से 16 लाख 77 हजार 100 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

