मप्र: पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 4 नाबालिग बालिकाएं 24 घंटे में सकुशल दस्तयाब
- मुरैना के जौरा थाना पुलिस ने सूरत रेलवे स्टेशन से जीआरपी के सहयोग से किया दस्तयाब
भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं संकटग्रस्त नाबालिग बालक-बालिकाओं की सुरक्षित दस्तयाबी के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुरैना जिले के थाना जौरा पुलिस ने गुम हुई 4 नाबालिग बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर जीआरपी सूरत के सहयोग से गुजरात के सूरत रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब किया।
पुलिस मुख्यालय से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को चार नाबालिग बालिकाएं जौरा स्थित गढ़ी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने स्कूल एवं आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन बालिकाओं का पता नहीं चला। इस संबंध में 16 अगस्त को थाना जौरा में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जौरा एवं पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर तलाश के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर लगातार प्रयास किए।
पुलिस टीम को प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 अगस्त को चारों नाबालिग बालिकाओं को सूरत रेलवे स्टेशन, गुजरात से जीआरपी के सहयोग से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

