उज्जैन में मकान में छिपाकर रखे 10 लाख के पटाखे जब्त
उज्जैन, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शुक्रवार को शास्त्री नगर क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान पर कार्रवाई कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। पटाखे मकान की पहली मंजिल पर बिक्री के उद्देश्य से रखे गए थे। मामले में दो व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर स्थित मकान क्रमांक 345/9 की पहली मंजिल पर बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी। टीम ने मकान की तलाशी ली तो वहां बिक्री के लिए रखे पटाखों का बड़ा भंडार मिला। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख रुपए के पटाखे जब्त कर लिए।
कार्रवाई के दौरान सौरभ शर्मा (26), पुत्र जगदीश शर्मा, निवासी शास्त्री नगर और शुभम शर्मा (28), पुत्र जगदीश शर्मा की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। आवासीय इलाकों में बड़ी मात्रा में पटाखे रखने से आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा रहता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल को नुकसान पहुंच सकता है। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस ने अभियान तेज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

