home page

मप्र पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, दो दिन में 54 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त

 | 
मप्र पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, दो दिन में 54 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त


भोपाल, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विगत दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस द्वारा अफीम, एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा एवं गांजा सहित लगभग 113 किलो 870 ग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये से अधिक है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि मंदसौर जिले में थाना भानपुरा पुलिस ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास बायपास तिराहा पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 82 ग्राम अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये है, जब्त की गई।

एक अन्य कार्यवाही में थाना अफजलपुर पुलिस ने पलवई फंटे पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपियों को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स, कीमत 26 लाख रुपये, तथा 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा, कीमत 10 हजार रुपये, जब्त किया गया। मंदसौर जिले में की गई इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 11 किलो 492 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 38 लाख रुपये है।

वहीं, बालाघाट जिले में थाना लांजी पुलिस ने गांजा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 27 किलो 378 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है, जब्त किया गया।

इसी तरह जीआरपी उज्जैन पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी महिलाएं ट्रॉली एवं पिट्ठु बैग में छिपाकर डोडाचूरा ले जा रही थीं। पुलिस ने उनके कब्जे से 75 किलो डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये है, जब्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर