मप्रः एनएच-44 पर एक करोड़ से अधिक की डकैती का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
- 320 ग्राम सोना और 26 किलो चांदी सहित लगभग 1.11 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत सिवनी पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती का खुलासा करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग एक करोड़ 11 लाख रुपये की लूटी गई 100 प्रतिशत संपत्ति भी जब्त की है।
डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 03 सितम्बर की शाम थाना बंडोल क्षेत्र में ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने नेशनल हाईवे-44 पर एक आभूषण व्यवसायी को अज्ञात आरोपियों ने मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने पीड़ित की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसे नीचे गिराया तथा चाकू दिखाकर उसके पास रखे लगभग 26 किलोग्राम चांदी, 320 ग्राम सोने के जेवरात एवं नकदी सहित लगभग एक करोड़ 08 लाख रुपये का सामान लूट लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना बंडोल में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
10 विशेष टीमों ने 24 घंटे में किया डकैती का खुलासा
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में तत्काल 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को आरोपियों की धरपकड़ एवं लूटी गई संपत्ति की जब्ती के लिए अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया। पुलिस टीमों ने सिवनी, नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मैदानी सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा और लखनादौन में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
पुलिस की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप सभी 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से डकैती में लूटा गया 320 ग्राम सोना, 26 किलोग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिले एवं 07 मोबाइल फोन सहित लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये की शत-प्रतिशत संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, बरामद 320 ग्राम सोने की कीमत करीब 48 लाख रुपये, 26 किलो चांदी की कीमत करीब 60 लाख रुपये, दो मोटरसाइकिल करीब 2 लाख रुपये तथा सात मोबाइल फोन करीब 1 लाख रुपये के हैं। गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र उर्फ जित्तू बंजारा, भूपेंद्र जंघेला, योगेश साहू, राज उर्फ आरव उईके, दुर्गेश नागौत्रा, आकाश डेहरिया और आदित्य उर्फ सिद्धू लाहोरिया शामिल है। आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

