मप्रः 9वीं की छात्रा का अपहरण, एक माह तक बनाया बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, दो गिरफ्तार
भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में 9वीं की छात्रा का अपहरण करने के बाद उसे एक माह तक बंधक बनाया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुई थी। पड़ोस में रहने वाला विकास नामक उसे बहला-फुसलाकर मंडीदीप ले गया, जहां एक कमरे में करीब एक महीने तक बंधक बनाकर रखा और कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने बुधवार रात लोकेशन के आधार पर छात्रा को मंडीदीप से दस्तयाब कर लिया।
गुरुवार सुबह उसके बयान के आधार पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज की गई। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले शादीशुदा युवक दीपक साहू ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए।
थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि 21 जुलाई को छात्रा के लापता होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जांच में पता चला कि विकास उसे अपने साथ मंडीदीप ले गया है। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर बुधवार रात छात्रा को बरामद किया और आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि मंडीदीप में विकास ने उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा था। इस दौरान उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। पूछताछ में छात्रा ने पड़ोस में रहने वाले शादीशुदा दीपक साहू पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने दीपक के खिलाफ भी केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

