मप्रः विदिशा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, जांच के लिए एसडीओपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित
भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के प्रकरण में मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वैधानिक कार्रवाई के साथ साक्ष्यों के संकलन एवं निष्पक्ष विवेचना के लिए एसडीओपी शिखा भलावी के नेतृत्व में 15 नवम्बर को विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। एफएसएल की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए।
पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि थाना कोतवाली पुलिस को 15 नवंबर को बालिका के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। बालिका की सुरक्षा, देखभाल एवं मनोवैज्ञानिक सहयोग को प्राथमिकता देते हुए इसी दिन चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीब्ल्यूसी) की टीम तथा एसडीओपी बासौदा शिखा भलावी द्वारा उसकी काउंसलिंग की गई।
प्रकरण में थाना कोतवाली विदिशा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान बालिका के कथन माननीय न्यायालय के समक्ष दर्ज कराने की कार्रवाई की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए गठित एसआईटी द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। आरोपी से पूछताछ तथा प्रकरण से संबंधित अन्य साक्ष्यों के संकलन की कार्रवाई जारी है। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पीड़िता की पहचान एवं निजता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
घटना शहर के मुखर्जी नगर स्थित मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के फ्लैट में हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि युवक ने पहले उसे बीयर पिलाई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को निजी अंग से ब्लीडिंग होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। उसे दो युवक अस्पताल छोड़कर गए थे। किशोरी की गंभीर हालत की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और पूछताछ शुरू की।
मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
विदिशा के पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि नाबालिग के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही बाल कल्याण समिति और पुलिस की टीम वहां पहुंची तथा पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसकी वीडियोग्राफी भी कराई। प्रथम दृष्टया नाबालिग के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लगभग तीन महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग और आरोपी के बीच दोस्ती हुई थी। आरोपी विदिशा का ही रहने वाला है और वर्तमान में एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने आरोपी विशाल किरार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और पुलिस घटना के समय फ्लैट में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

