home page

मंदसौर में 7 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, पेड़ के खोखले तने में छिपाया शव

 | 
मंदसौर में 7 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, पेड़ के खोखले तने में छिपाया शव


- आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

मंदसौर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में सात साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची का शव मंगलवार को गांव में कुएं के पास बरगद के पेड़ के खोखले तने में मिला। पुलिस ने मामले में 27 वर्षीय विजय को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को गांव में आयोजित उत्सव के दौरान आरोपी ने बच्ची को संतरा खिलाने का लालच दिया और अपने साथ ले गया। इसके बाद बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने गरोठ थाने में शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार को तलाश के दौरान उसका शव बरगद के पेड़ के खोखले तने में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या की और शव छिपा दिया।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बाजार बंद कराकर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर ट्रैक्टर के टायर रखकर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने एसपी की गाड़ी भी रोक दी और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। कुछ ग्रामीण गाड़ी के सामने लेट गए।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीओपी विजय कुमार यादव ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बच्ची के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। शरीर पर चोट और चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए आगे की जांच और विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर