महिला की हत्या मामले में तीन गिरफ्तार, घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने जांच की
मेदिनीपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के मयना थाना अंतर्गत पूर्व दक्षिण मयना गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, शनिवार को राज्य के फोरेंसिक विभाग की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और कई नमूने एकत्र किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को गांव के एक पान बागान से महिला का हाथ-पैर और मुंह बंधा नग्न शव बरामद हुआ था। पान बागान के मालिक ने सबसे पहले शव को देखा था। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों को बुलाकर घटना को मयना थाना में जानकारी दी, सूचना मिलते ही मयना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, जांच को आगे बढ़ाने के लिए शनिवार को फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या की गई है।
जांचकर्ता यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला पान बागान तक कैसे पहुंचीं और उनकी हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारण तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

