home page

हत्या मामले का आरोपित गिरफ्तार

 | 
हत्या मामले का आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 29 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मुट्ठीगंज थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार को हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नगर के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी लल्ले धुरिया पुत्र स्व. लल्लु धुरिया है।

डीसीपी नगर ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुठ्ठीगंज पुलिस ने हत्या के अभियोग में वांछित आरोपी लल्ले धुरिया को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

थाना मुठ्ठीगंज में दर्ज हुए हत्या के मुकदमे के बाद से आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नव निर्मित बारादरी घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना मुठ्ठीगंज में बीएनएस की धारा 103(1)/61(2)(क) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में मालवीय नगर निवासी महिला ने सूचना दी थी कि उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। इस मामले में दो अन्य अभियुक्तों विमल शर्मा उर्फ विमल पंडा और आकाश अरोड़ा उर्फ भोला पंजाबी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

गिरफ्तार अभियुक्त लल्ले धुरिया पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक वर्मा, उपनिरीक्षक सौम्यपुंज पाण्डेय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल