सिरसा: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
सिरसा, 21 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी, आबकारी, चोरी, लड़ाई-झगड़े व आम्र्ज एक्ट के कई मामले दजे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा जिला निवासी चमकौर सिंह, गुरविंद्र सिंह व गुरजीत सिंह के रूप में हुई है।
डबवाली के डीएसपी कपिल अहलावत ने शनिवार को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि मंडी डबवाली निवासी सतीश मेहता की शिकायत पर मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों को बठिंडा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने डबवाली क्षेत्र में सात वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी गुरविंद्र व चमकौर सिंह डबवाली क्षेत्र से वाहन चुराकर गुरजीत सिंह को बेचते थे। पुलिस ने चोरी के वाहन खरीदने वाले गुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर छह मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद कर ली गई है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर उनके खिलाफ पंजाब में भी कई मामले दर्ज पाए गए। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशा पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

