सागर: मोतीनगर पुलिस का 'नाइट कॉम्बिंग' ऑपरेशन, 6 वारंटी गिरफ्तार
सागर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सागर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में 14-15 मार्च को थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा विशेष 'नाइट कॉम्बिंग ऑपरेशन' चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके और लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और लंबित वारंटों की तामीली सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान थाना मोतीनगर की विशेष टीमों ने क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों और वारंटियों के संभावित अड्डों पर एक साथ दबिश दी।
पुलिस की घेराबंदी और सघन तलाशी के परिणामस्वरूप निम्नलिखित सफलताएँ मिलीं।
स्थायी वारंटी: 02 पुराने और लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी वारंटी: 04 वारंटियों को पकड़ा गया।
पकड़े गए सभी आरोपियों को रविवार (15 मार्च) को न्यायालय सागर के समक्ष पेश किया गया।
ऑपरेशन के दौरान केवल वारंटियों पर ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के सक्रिय कटरबाजों और सूचीबद्ध बदमाशों पर भी शिकंजा कसा गया।
सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार (चाकू, कटर) लेकर घूमने वाले संदिग्धों की तलाशी ली गई।
आम जनता को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों को मौके से खदेड़ा गया।
पुलिस ने बदमाशों को चेतावनी दी है कि यदि वे किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाते हैं, तो उन पर कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में सुरक्षा का वातावरण बनाना हमारी प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि आमजन निर्भय होकर रह सकें। — जसवंत सिंह राजपूत, थाना प्रभारी मोतीनगर
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

