सागर: सौ रुपये के लिए ऑटो चालक के सीने में घोंपा चाकू, आरोपी गिरफ्तार
सागर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के कड़े निर्देशों के पालन में थाना मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने महज चंद रुपयों के लिए एक युवक की जान लेने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
मोतीनगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना 16 मार्च की रात लगभग 09:00 बजे की है। फरियादी मोहम्मद वहाब (30 वर्ष), जो कि गोपालगंज का निवासी है, अपने ऑटो से सवारी लेकर बाघराज मंदिर पहुंचा था। तभी आरोपी सुनील साहू वहां आया और शराब पीने के लिए वहाब से 100 रुपये की मांग करने लगा। जब वहाब ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अचानक चाकू निकाला और वहाब के बाएं सीने पर जोरदार वार कर दिया। हमले में वहाब गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
फरियादी की शिकायत पर थाना मोतीनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। केस की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिरों की सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील (34) पुत्र दौलत साहू को देसाई बगीचा, गोपालगंज से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत के नेतृत्व में निम्नलिखित टीम का विशेष योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

