सागर: मोतीनगर हत्याकांड का मुख्य आरोपी ललितपुर से गिरफ्तार
सागर, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना मोतीनगर क्षेत्र के बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 10,000 रुपये के इनामी मुख्य आरोपी यश सोनी और उसके साथी मनु सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड (मछरयाई स्थित गोंड बब्बा चबूतरा) में पुरानी दुश्मनी को लेकर विवाद हुआ था। आरोपियों ने फरियादी ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए अवैध हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, ओम साहू पर चाकू से हमला कर उसे भी लहूलुहान कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(A), 109(1), 103(1), 190, 191(1), 191(2) और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 5 आरोपियों को दबोच लिया था।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी यश सोनी, मनु सोनी और ओम अहिरवार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। तीनों आरोपियों ने गुजरात, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश के इंदौर, पीथमपुर, अशोकनगर व कटनी जैसे शहरों में फरारी काटी। आरोपियों की धरपकड़ के लिए सागर एसपी द्वारा तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। साइबर सेल, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस लगातार इनके पीछे लगी हुई थी।
19 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने परिजनों की जमानत के लिए पैसों का इंतजाम करने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से सागर लौट रहे हैं। पुलिस ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर घेराबंदी की। 19-20 जून की दरमियानी रात को जब आरोपी बम्हौरी रेंगुवा रेलवे आउटर पर ट्रेन से उतरकर पटरियों के रास्ते शहर में घुस रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
भागने की कोशिश में आरोपी मनु सोनी निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज से नीचे कूद गया और पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। तलाशी के दौरान मनु सोनी के पास से 20 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। वह मोतीनगर थाने के ही एक अन्य एनडीपीएस मामले में भी वांछित था।
मनु सोनी से मिली इनपुट के बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। 21 जून 2026 को पुलिस ने मुख्य आरोपी यश सोनी को उत्तर प्रदेश के ललितपुर से हिरासत में ले लिया। मोतीनगर थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
सोशल मीडिया पर फेक थ्रेट और
आरोपियों के फरार रहने के दौरान शहर में दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) ने सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति को जान से मारने की धमकी भरा मैसेज वायरल किया था। जांच में सामने आया कि उसका आरोपियों से कोई संबंध नहीं था, उसने केवल सोशल मीडिया पर 'फैन फॉलोइंग' बढ़ाने के लिए ऐसा किया था। पकड़े गए आरोपी मनु सोनी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और मारपीट जैसे करीब 25 संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी यश सोनी के खिलाफ भी 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

